देवघर: देवघर शहर के बंधा मोहल्ला में बुधवार को पुराने जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना हुई। दो अपराधियों ने स्थानीय निवासी मन्नू राय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से मन्नू राय गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले में उन्हें दो गोलियां लगी हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मन्नू राय का कई दिनों से जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों से तनाव चल रहा था। इसी रंजिश में अपराधियों ने गोलीकांड को अंजाम दिया। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
इस गोलीकांड के बाद बंधा मोहल्ला के लोग दहशत में हैं। पुलिस ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
There is no ads to display, Please add some


















































