जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने शनिवार को जेकेएस इंटर कालेज में सात नए क्लासरूम का उद्घाटन किया। इससे कालेज में विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं की कमी दूर हुई है। इस अवसर पर कालेज की प्राचार्या अनीता सिंह, प्रबंध समिति के सचिव एपी सिंह, और शिक्षा प्रतिनिधि एसपी सिंह उपस्थित थे।
कालेज ने अपनी संसाधनों से यह सात कमरे बनाए थे। उद्घाटन के बाद विधायक सरयू राय ने कहा कि यह कदम विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करेगा।
सरयू राय ने कहा कि झारखंड में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने के बाद कई कालेजों में इंटर की पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी। इसके चलते जो 10 प्लस 2 कालेज और विद्यालय हैं, उन पर विद्यार्थियों का बोझ बढ़ गया है। जेकेएस इंटर कालेज में इस साल 2700 विद्यार्थियों ने प्लस टू में नामांकन कराया है।
उन्होंने बताया कि अब प्रबंध समिति ने कुछ नए शिक्षकों को भी नियुक्त किया है, जिनमें घंटी आधारित शिक्षक भी शामिल हैं। इससे पढ़ाई का स्तर सुधरेगा। आगे और विकास कार्य किए जाएंगे।
सरयू राय ने राज्य सरकार से अपील की कि 10 प्लस 2 कालेजों की गुणवत्ता बढ़ाने और नए विद्यालय खोलने के लिए उच्च स्तरीय कमेटी बनाई जाए। इस कमेटी को यह सुझाव देना होगा कि कितने नए स्कूल और वित्तीय संसाधन जुटाने की जरूरत है।
विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू हो गई है, लेकिन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अभी ठोस पहल नहीं हुई है। यदि नए विद्यालय नहीं बनाए गए और संसाधनों को नहीं बढ़ाया गया, तो वर्तमान स्कूलों में भीड़ के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव नहीं होगी। उन्होंने सरकार से अपील की कि शिक्षा के क्षेत्र में बजट बढ़ाया जाए, ताकि नौजवानों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: टाटा अल्ट्रा रनस्केप्स-2 लॉन्च, जमशेदपुर रनजीनियर्स को मिला शानदार अवसर
There is no ads to display, Please add some



















































