बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के पुरनापानी पंचायत क्षेत्र के गंधानाटा जंगल में गुरुवार दोपहर चार जंगली हाथियों का दल देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग ने मौके पर टीम भेजकर निगरानी शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की एक टीम गंधानाटा जंगल पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। टीम जंगल के उस हिस्से की निगरानी कर रही है जहां हाथियों का ठहराव और विचरण देखा गया है। विभाग ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मानव-हाथी टकराव को रोकने के लिए हर कदम उठाया जा रहा है।
विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में हाथियों के करीब न जाएं और न ही उन्हें भगाने या छेड़ने की कोशिश करें। आसपास के जंगल रास्तों से गुजरने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
वन विभाग ने भरोसा दिलाया है कि हाथियों को सुरक्षित रूप से उनके प्राकृतिक आवास की ओर वापस भेजने के लिए टीम लगातार प्रयासरत है।
There is no ads to display, Please add some



















































