चाईबासा: कोल्हान के पोड़ाहाट क्षेत्र में सारंडा बचाओ समिति द्वारा 16 नवंबर को आयोजित की जाने वाली आर्थिक नाकेबंदी को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने नैतिक समर्थन देने का प्रस्ताव पारित किया। सांसद जोबा माझी ने बैठक में कहा, “सारंडा के आदिवासी मूलवासी को उजाड़ने नहीं दिया जाएगा। मेरी सांस जब तक है और आवाज है, आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।”
![]()
जोबा माझी ने कहा कि सारंडा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के पीछे भारत सरकार और उद्योगपतियों का षड्यंत्र है। उन्होंने बताया कि गौतम अडानी जैसी कंपनियों की सारंडा में गिद्ध दृष्टि आदिवासियों के लिए खतरा है। उन्होंने शहीद देवेंद्र माझी द्वारा बसाए गए गांव को हर कीमत पर उजाड़ने की योजना को बर्दाश्त न करने का ऐलान किया। “सड़क से लेकर सदन तक, हर मंच पर आदिवासी अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा,” उन्होंने जोर देकर कहा।
सांसद ने स्पष्ट किया कि 16 नवंबर को होने वाली नाकेबंदी पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस आंदोलन में अनुशासन बनाए रखा जाए और किसी भी तरह की हिंसा न हो।
बैठक में झामुमो के विधायक निरल पूरती और जगत माझी, भुवनेश्वर महतो, जिला सचिव राहुल आदित्य, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी, जिला उपाध्यक्ष दीपक प्रधान सहित दर्जनों नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने की, जबकि संचालन जिला सचिव राहुल आदित्य ने किया।
इसे भी पढ़ें :
Chaibasa: झारखंड स्थापना दिवस पर जागरूकता रथ रवाना, ग्रामीणों तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी