जमशेदपुर: जमशेदपुर की प्राचीन और प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था श्री राजस्थान शिवमंदिर, जुगसलाई में 26 दिसंबर से 30 दिसंबर 2025 तक “नानी बाई रो मायरो” का भावपूर्ण वाचन आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शीत-ताप नियंत्रित बैंक्वेट हॉल ‘नारायणम’ में होगा।
श्री राजस्थान शिवमंदिर वर्ष 2026 में अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में पूरे वर्ष भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नानी बाई रो मायरो का यह आयोजन शताब्दी समारोहों की श्रृंखला का तीसरा प्रमुख कार्यक्रम है।
इस मार्मिक और आध्यात्मिक कथा का वाचन राजस्थान के खाचरियावास निवासी प्रसिद्ध कथा वाचक श्री चंद्र प्रकाश शास्त्री जी करेंगे। उनकी ओजस्वी वाणी के माध्यम से भक्तों को श्रीकृष्ण भक्ति की गहराई और करुणा का अनुभव होगा।
यह कथा महान श्रीकृष्ण भक्त नरसी मेहता और उनकी पुत्री नानी बाई के जीवन से जुड़ी है। अत्यंत निर्धन होते हुए भी नरसी मेहता श्रीकृष्ण भक्ति में पूर्ण रूप से लीन रहते थे। बेटी नानी बाई के ससुराल में विवाह प्रसंग के दौरान मायरो भरने की चुनौती सामने आई। असमर्थता की स्थिति में नरसी मेहता ने अपने आराध्य श्रीकृष्ण से प्रार्थना की। कथा इसी करुण और चमत्कारी प्रसंग पर आधारित है, जब भगवान श्रीकृष्ण स्वयं आकर नानी बाई की लाज रखते हैं और 56 करोड़ का मायरो भरते हैं।
श्री राजस्थान शिवमंदिर कमेटी, जुगसलाई ने सभी सनातन धर्म प्रेमियों, भक्तों और माताओं-बहनों से आग्रह किया है कि वे इस दिव्य सत्संग में उपस्थित होकर श्रीकृष्ण भक्ति की अनुपम अनुभूति का लाभ लें।
There is no ads to display, Please add some


















































