जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र की रहने वाली बिमला कुमारी बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष से मिलीं और अपने साथ हुई ज्यादती को लेकर न्याय की गुहार लगाई। इस दौरान उनके साथ समाजसेवी सह भ्रष्टाचार निरोधक जांच गिरोह की जिला सचिव भी मौजूद थीं।
जिला सचिव ने बताया कि बिमला कुमारी के पति की मौत 15 फरवरी 2025 को एक सड़क दुर्घटना में हो गई थी। उनकी शादी 20 अप्रैल 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पति की मृत्यु के बाद बिमला किसी तरह ससुराल में रह रही थीं।
आरोप है कि पति की मौत के करीब पांच महीने बाद से ससुराल पक्ष ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। अंततः उसे परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित ससुराल से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद बिमला अपने मायके लौट आईं।
पीड़िता महिला ने 25 नवंबर को परसुडीह थाना और साकची महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने समाजसेवी से संपर्क कर अपनी पीड़ा साझा की।
बिमला कुमारी का कहना है कि ससुराल वालों द्वारा दहेज में लिए गए पैसे और सामान उन्हें वापस दिलाया जाए, ताकि वह अपना भरण-पोषण कर सकें। इसी मांग को लेकर बुधवार को सिटी एसपी को ज्ञापन सौंपा गया।
महिला और उनके साथ आए लोगों ने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने मामले को देखने और उचित कदम उठाने का भरोसा दिया है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: जमशेदपुर में कारा परिसरों की सुरक्षा समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश




















































