जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के कुली रोड में सोमवार की रात बच्चे के नाकाम अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद नौशाद ने बताया कि सोमवार रात एक स्कूटी पर सवार तीन अज्ञात बदमाश कुली रोड पहुंचे। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद एक बच्चे को उन्होंने जबरन उठाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश बच्चे को लेकर भागने ही वाले थे कि तभी बच्चा जोर-जोर से चिल्लाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क हो गए। लोगों की हलचल और शोर बढ़ता देख बदमाश घबरा गए और बच्चे को वहीं छोड़कर स्कूटी से फरार हो गए।
नौशाद ने बताया कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि तीन युवक स्कूटी से आते हैं और बच्चे को उठाने की कोशिश करते हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान में जुट गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।
इसे भी पढ़ें : Adityapur : सालडीह बस्ती में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, गोली लगने से युवक घायल, TMH में भर्ती
There is no ads to display, Please add some


















































