जमशेदपुर : Tata Steel की सुरक्षा टीम ने कंपनी परिसर में चोरी के खिलाफ सख्त निगरानी के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। नियमित पेट्रोलिंग और सतर्क निगरानी के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने एक आरोपी को पकड़कर उसके पास से भारी मात्रा में चोरी का कॉपर केबल बरामद किया। सुरक्षा टीम ने मोहम्मद बाबू (लगभग 30 वर्ष), पिता स्व. मोहम्मद सलीम, निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, गौरी शंकर रोड, जुगसलाई को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 35 किलोग्राम इंसुलेटेड कॉपर केबल बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि यह केबल अवैध रूप से उसके कब्जे में था और कंपनी से चोरी किए जाने की आशंका है। सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी तीन बार चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है और आदतन अपराधी माना जाता है। कंपनी प्रबंधन ने दोहराया कि चोरी के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सैल्यूट तिरंगा के रवि शंकर तिवारी के प्रयास से सुदामा ठाकुर के दिल का ब्रह्मानंद अस्पताल में हुआ सफल ऑपरेशन