मुरी : झारखंड के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षकों का 13 माह से मानदेय भुगतान लंबित है। इसके विरोध में बुधवार को जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई. जो मोराबादी बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक जानी थी।
लेकिन शहीद चौक पहुंचते ही पुलिस-प्रशासन ने पदयात्रा को रोक दिया। वहां से पदयात्रा जिला स्कूल मैदान पहुंची, लेकिन कुछ देर बाद सभी प्रदर्शनकारी प्रशिक्षक फिर से अल्बर्ट एक्का चौक के लिए निकल गए। इस दौरान देवेन्द्र नाथ महतो और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई, जिसके कारण वहां का माहौल गरम हो गया।
इस बीच बारिश शुरू हो गई। बारिश में भींगते हुए सभी प्रदर्शनकारी अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे तथा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान जेईपीसी और हेमंत सरकार के विरोध में प्रशिक्षकों ने खूब नारेबाजी की। देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि पुलिस प्रशासन आंदोलन को कुचलना चाहता है, लेकिन हक की लड़ाई में जेएलकेएम कभी पीछे नहीं हटेगा।
साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों में कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षक लगातार अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा दे रहे हैं। बावजूद इसके, पिछले 13 महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं होना बेहद चिंताजनक है। इससे प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को इस मामले में तुरंत पहल करनी चाहिए।
झारखंड राज्य वित्तपोषित व्यवसायिक प्रशिक्षक संघ के अध्यक्ष देव प्रकाश, उपाध्यक्ष प्राण सौरभ, सचिव मनोज कुमार महतो एवं कोषाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने कहा कि कई बार विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। इसलिए भुगतान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : Bahragora : शिक्षा से ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य का करें निर्धारण : समीर मोहंती
















































