खड़गपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल अंतर्गत खंतापाड़ा और सोरो स्टेशनों के बीच नव निर्मित तीसरी रेल लाइन के उद्घाटन से पूर्व 19 और 20 मई 2026 को रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) दक्षिण पूर्व सर्किल कोलकाता बृजेश कुमार मिश्रा ने वैधानिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय सहित मंडल एवं मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पहले दिन खंतापाड़ा स्टेशन और यार्ड का गहन निरीक्षण किया गया। इसके बाद मोटर ट्रॉली से खंतापाड़ा से बहानागाबाजार स्टेशन तक ट्रैक का निरीक्षण किया गया। बहानागाबाजार स्टेशन और यार्ड के निरीक्षण के बाद ब्रिज संख्या 315 तक ट्रॉली निरीक्षण किया गया। दूसरे दिन सोरो स्टेशन और उसके यार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के समापन पर सोरो से खंतापाड़ा के बीच नई तीसरी लाइन पर लोको स्पीड ट्रायल चलाकर ट्रैक की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस दौरान तीसरी लाइन के ओवरहेड विद्युत तारों को भी सफलतापूर्वक चार्ज किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस तीसरी लाइन के शुरू होने से इस महत्वपूर्ण रेलखंड में लाइन क्षमता बढ़ेगी, यात्री एवं मालगाड़ियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी तथा परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
इसे भी पढ़ें : Kharagpur : दपूरे खड़ग़पुर मंडल के 49 रेल कर्मचारी हुए सेवानिवृत्ति, विदाई समारोह का आयोजन
















































