पोटका : आईसीडीपी कोषांग रांची द्वारा पोटका प्रखंड के जामदा पंचायत में स्वीकृत 100 एमटी क्षमता वाले गोदाम सह मार्केटिंग सेंटर का निर्माण पिछले डेढ़ वर्षों से कछुआ गति से चल रहा है। निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज कुमार सरदार ने स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और मामले को गंभीरता से लिया। निरीक्षण के दौरान मनोज कुमार सरदार ने कहा कि गोदाम निर्माण अधूरा रहने से क्षेत्र के किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि पोटका क्षेत्र के किसानों को धान बेचने के लिए 20 से 30 किलोमीटर दूर पोटका या कोवाली जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार द्वारा आधा-अधूरा कार्य कर पिछले डेढ़ साल से काम बंद कर दिया गया है, जिससे किसानों के हित में शुरू की गई योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिले के उपायुक्त से मिलकर जल्द ही मांग पत्र सौंपेंगे और गोदाम निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग करेंगे। मनोज कुमार सरदार ने कहा कि पोटका में विकास कार्यों की गति काफी धीमी है। किसानों की सुविधा को देखते हुए लैम्पस गोदाम सह मार्केटिंग सेंटर का निर्माण अविलंब पूरा कराया जाए, अन्यथा बाध्य होकर आंदोलन किया जाएगा।
इसे भी पढें : Bahragora : सड़क दुर्घटना में बाइक सवार शिक्षक घायल, हालत नाजुक, बारीपदा रेफर



















































