बहरागोड़ा : मातृभूमि की रक्षा के लिए साल 2020 में गलवान घाटी में अपनी शहादत देने वाले वीर जवान गणेश हांसदा की याद में मंगलवार को उनका छठा शहादत दिवस पैतृक गांव कोषाफलिया में अत्यंत भावुक माहौल में मनाया गया। इस दौरान बांसदा चौक पर स्थापित शहीद की आदमकद प्रतिमा पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया, वहीं शहीद के पैतृक आवास पर विशेष पूजा-अर्चना कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
मौके पर झामुमो के वरिष्ठ नेता आदित्य प्रधान ने शहीद के परिजनों को ढाँढस बंधाया और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। अपने संबोधन में आदित्य प्रधान ने कहा कि शहीद गणेश हांसदा का सर्वोच्च बलिदान बहरागोड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए राष्ट्रप्रेम की एक अनमोल प्रेरणा है; उनके इस कर्ज को देश कभी नहीं चुका सकता। इस भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा में शहीद के माता-पिता सुबदा व कापरा हांसदा, बड़े भाई दिनेश हांसदा के अलावा प्रशासनिक अधिकारी बीडीओ केशव भारती व सीओ राजाराम मुंडा, संपूर्ण मानवता कल्याण संघ के अध्यक्ष डॉ. संजय गिरी, भूतपूर्व सैनिक मो. जावेद, मुखिया पानसरी हांसदा, समाजसेवी ललित मांडी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने नम आँखों से वीर सपूत को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसे भी पढ़ें : Bahragora : हांडीभंगा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने किया अनावरण



















































