पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के कोवाली लैम्पस के समीप रविवार को सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान जुगसलाई थाना क्षेत्र के बलदेव बस्ती निवासी मगलू कर्मकार एवं आदित्य कर्मकार के रूप में हुई है। दुर्घटना में मगलू कर्मकार गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक हरिणा मेला से स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोवाली लैम्पस के समीप उनकी स्कूटी सड़क किनारे लगे एक बोर्ड से टकरा गई, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद की। वहीं हल्दीपोखर की मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने भी मानवीय पहल करते हुए तत्काल वाहन की व्यवस्था कर दोनों घायलों को कोवाली थाना पहुंचाया। इसके बाद पुलिस के सहयोग से दोनों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना काफी तेज टक्कर के कारण हुई, जिसमें मगलू कर्मकार को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : Potka : तारा पब्लिक स्कूल में अनुशासन विषय पर भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा



















































