छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी मांगें माने सरकार: डॉ. गोस्वामी
जमशेदपुर : जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और रांची में आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आहूत झारखंड बंद का मंगलवार को जमशेदपुर में व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों पर उतरे और बाजारों एवं प्रमुख व्यावसायिक इलाकों का भ्रमण कर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। कई स्थानों पर दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जिसके कारण सामान्य दिनों की अपेक्षा बाजारों में चहल-पहल कम रही।
जमशेदपुर महानगर के चारों विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के विभिन्न मंडलों में मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाजार क्षेत्रों में घूमकर बंद को सफल बनाने की अपील की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रमुख चौक-चौराहों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी किया।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने सोनारी एवं साकची बाजार क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरकर दुकानदारों से बंद में सहयोग की अपील की। इस दौरान कई दुकानदारों ने स्वस्फूर्त रूप से अपनी दुकानें बंद रखीं। जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि जमशेदपुर में बंद को जनता का व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर आम जनता में गहरा आक्रोश है। हेमंत सोरेन सरकार पर युवाओं के हितों की अनदेखी करने और आंदोलनरत छात्रों की आवाज को दमन के जरिए दबाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने बंद को सफल बनाने में सहयोग देने वाले भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं, दुकानदारों, व्यवसायियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों के प्रति आभार जताया।
वहीं, रांची में आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिष्टुपुर मेन रोड पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी की और सरकार से छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने की मांग की।
डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने झारखंड बंद को मिले जनसमर्थन के लिए जनता का आभार जताते हुए कहा कि रांची में शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि छात्र जेपीएससी, जेएसएससी एवं सीजीएल परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने के बजाय उन पर पुलिस कार्रवाई करना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि लाठी और दमन के बल पर छात्र आंदोलन की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। भाजपा युवाओं के अधिकार और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर तत्काल गंभीरता से विचार करने की मांग की।
बंद के दौरान जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता देखने को मिली। बिस्टुपुर में प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र सिंह, जटाशंकर पांडेय, अमिताभ सेनापति, भाजयुमो जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष नीतिश कुशवाहा, हरिकिशोर तिवारी, ललन द्विवेदी, सुररंजन राय, माहेश्वर सिंह, राजेश सिंह, तन्मय झा, मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन पांडेय समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : साकची अग्रसेन भवन में 25 अगस्त को मनेगा जीण माता का सिंघारा व झूलन उत्सव


















































