जादूगोड़ा: जादूगोड़ा ब्रह्मर्षि महिला समिति की ओर से शनिवार को जादूगोड़ा सामुदायिक केंद्र में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सावन के रंग में रंगी महिलाओं ने 16 श्रृंगार कर कार्यक्रम में हिस्सा लिया और जमकर उमंग, उल्लास व आनंद का लुत्फ उठाया।
कार्यक्रम की शुरुआत जमशेदपुर ब्रह्मर्षि महिला समिति की अध्यक्ष अनीता सिंह, अन्नू सिंह, नूतन राय एवं निधि विद्यार्थी ने भगवान परशुराम, भगवान भोले शंकर और सहजानंद सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद महिलाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता, कैटवॉक और म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कैटवॉक में महिलाओं ने आकर्षक अंदाज और सावन की पारंपरिक वेशभूषा में जलवा बिखेरा, जिसकी उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की।
वहीं बच्चों के बीच क्विज प्रतियोगिता भी हुई। भजन और फिल्मी गीतों की धुन पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। अंत में समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके दायित्वों को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन जादूगोड़ा ब्रह्मर्षि समाज की कोषाध्यक्ष निधि विद्यार्थी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति की अध्यक्ष नूतन राय समेत सभी सम्मानित महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : कालिकापुर में बूगी-वूगी नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने किया उद्घाटन



















































