खेल चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है : अर्जुन मुंडा
जमशेदपुर : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर में MY Bharat–“Khelo India Samvad, Khel Ki Baat PM Modi Ke Saath” कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त 2026 को DJLHC के कक्ष संख्या 212 में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल, फिटनेस और सहभागिता को बढ़ावा देना तथा Khelo India पहल के माध्यम से खेलों के प्रति जागरूकता पैदा करना था। इस दौरान महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती को भी याद किया गया।
कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि तथा अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी, भारतीय हैंडबॉल टीम के पूर्व कप्तान एवं कोच राहुल कुमार गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
खेल से अनुशासन और नेतृत्व का विकास : प्रो. गौतम
NIT जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के समग्र विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, दृढ़ता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि खेल चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से समर्पण, दृढ़ संकल्प और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने MY Bharat और Khelo India जैसी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि इनके माध्यम से युवाओं को प्रतिभा निखारने और खेलों में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम में खेलों में करियर, फिटनेस, जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने और युवा सशक्तीकरण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान उमेश कुमार, पैरा खिलाड़ी, श्रीमती शोभा महतो, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, प्रो. सरोज कुमार सारंगी, रजिस्ट्रार प्रभारी, प्रो. अशोक कुमार, डीन (स्टूडेंट्स वेलफेयर) सहित शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने युवाओं को खेल और फिटनेस के प्रति प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 5001 से अधिक शिवभक्त कलशयात्री महिलाओं ने जंबू अखाड़ा स्थित बाबा लिंगेश्वरनाथ का किया जलाभिषेक



















































