Jamshedpur : सरयू राय का मानगो नगर निगम पर हमला: पुराने एसओआर पर 55 योजनाओं की निविदा  आमंत्रित किए जाने पर उठाया सवाल, तत्काल रद्द करने की मांग

बोले- सरकार ने पांच दिन पहले ही बदले सामग्री के दर, फिर पुराने एसओआर पर कैसे तैयार हुआ प्राक्कलन?

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम में निविदा प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए अधिकारियों पर तीखा हमला बोला है। यहां जारी एक बयान में सरयू राय ने कहा कि ऐसा लगता है कि मानगो नगर निगम के अधिकारियों को अनियमितता बरतने की आदत हो गई है और उन्होंने अनियमित कार्य करना अपनी कार्य-संस्कृति का अंग बना लिया है।

सरयू राय ने कहा कि बीते दिनों एक समाचार पत्र में मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त के कार्यालय से छोटी-बड़ी कुल 55 योजनाओं के क्रियान्वयन की निविदा प्रकाशित की गई है। इन योजनाओं की लागत राशि
5,58,05,870 रुपए है।

उन्होंने कहा: सबसे गंभीर सवाल यह है कि जिस दिन निविदा प्रकाशित हुई, उसके पांच दिन पहले ही राज्य सरकार निविदा निष्पादन कार्य में उपयोग होने वाली सामग्रियों के दर में परिवर्तन कर चुकी थी।

सरयू राय ने कहा कि सरकार ने नया शेड्युल ऑफ रेट (एसओआर) निर्धारित कर सभी कार्य विभागों को इसकी सूचना दे दी थी। इसके बावजूद मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त के कार्यालय से प्रकाशित निविदा में सामग्रियों के पुराने दर के आधार पर ही कार्यों का प्राक्कलन तैयार किया गया।

सरयू राय ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि सामग्रियों के दर में परिवर्तन की सूचना मिलते ही मानगो नगर निगम के अधिकारी अविलंब निविदा को रद्द करेंगे और परिमाण विपत्र का मूल्य सामग्रियों के नए दर के आधार पर निर्धारित करेंगे। यानी नए दर के अनुरूप प्राक्कलन तैयार कर पुनः निविदा प्रकाशित की जाएगी। लेकिन, मानगो नगर निगम ने ऐसा नहीं किया।

श्री राय ने कहा कि इसी मामले में पथ निर्माण विभाग का रवैया बिल्कुल अलग रहा। करीब पांच दिन पहले पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता के कार्यालय से मानगो की दो महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मति के लिए सामग्रियों के पुराने दर पर ही परिमाण विपत्र का मूल्य आकलित किया गया था और इसी आधार पर निविदा की गई थी।

सरयू राय ने बताया कि जैसे ही पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को जानकारी मिली कि सरकार ने परिमाण विपत्र में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियों के लिए नया दर निर्धारित कर दिया है, उन्होंने प्रकाशित निविदा को रद्द कर दिया। इसके बाद सामग्रियों के नए दर के अनुसार प्राक्कलन तैयार करके पुनः निविदा प्रकाशित कर दी गई। सरयू राय ने कहा कि यह उल्लेखनीय है कि पथ निर्माण विभाग द्वारा रद्द की गई दोनों सड़कें भी मानगो नगर निगम क्षेत्र के अंदर ही हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब उसी क्षेत्र में पथ निर्माण विभाग नए एसओआर के आने के बाद पुराने दर पर आधारित निविदा को रद्द कर सकता है और नए दर के आधार पर पुनः निविदा कर सकता है, तो मानगो नगर निगम ऐसा क्यों नहीं कर रहा है?

सरयू राय ने मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त को स्पष्ट रूप से कहा कि पुराने सामग्रियों के दर पर तैयार की गई निविदा को रद्द किया जाए और नए दर के अनुरूप कार्यों का प्राक्कलन तैयार करके पुनः निविदा प्रकाशित की जाए, अन्यथा उनके द्वारा प्रकाशित की गई निविदा अनियमित मानी जाएगी। कोई भी नागरिक यदि निविदा के बारे में सरकार को सूचित करेगा तो उनके द्वारा प्रकाशित निविदा बेकार हो जाएगी।

सरयू राय ने यह भी कहा कि उन्हें मालूम है कि किस दबाव में जल्दबाजी में निविदा तैयार की गई और उसे आनन-फानन में प्रकाशित कर दिया गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसी तरह का काम मानगो नगर निगम में होता रहा तो यही कहा जाएगा कि मानगो नगर निगम में अनियमितता को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का सेवा कार्यक्रम, दिव्यांगजनों को बांटे कृत्रिम अंग और सहायता उपकरण


There is no ads to display, Please add some
Spread the love

Related Posts

Potka : पीएम मोदी के जन्मदिन पर 108 दीपक जलाकर की दीर्घायु की कामना

पोटका : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को पोराडीह शिव मंदिर प्रांगण में 108 आशीर्वाद के दीप जलाए गए। भाजपा नेत्री सह समाजसेवी सीमा मंडल के…

Spread the love

Potka : हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग में हो रहे प्रदुषण के विरोध में दूसरे चरण का हस्ताक्षर अभियान शुरू

पोटका : रेलवे साइडिंग से फैल रहे प्रदूषण और आम लोगों को हो रही परेशानियों के विरोध में गुरुवार को हल्दीपोखर में हस्ताक्षर अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत हुई।…

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share this Page

Slide-In Box help you to share the page on the perfect time