कोलकाता : दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) की ओर से 22 अक्टूबर को ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत रेलवे के सभी चार मंडलों के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों पर यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित करने के साथ व्यापक स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। यह आयोजन केंद्र सरकार के स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत किया जा रहा है।
‘रेल जन संवाद’ के दौरान रेलवे अधिकारी यात्रियों से बातचीत कर स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और रेल सेवाओं से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी लेंगे। इसका उद्देश्य यात्रियों की अपेक्षाओं को समझना और उनकी प्रतिक्रिया के आधार पर रेलवे सेवाओं को अधिक बेहतर एवं जनोन्मुखी बनाना है। अभियान में आम यात्रियों के साथ खास तौर पर युवा पीढ़ी और जेनरेशन जेड की भागीदारी पर भी जोर दिया जाएगा।
दक्षिण पूर्व रेलवे के चारों मंडलों में इस कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी की गई है। प्रमुख स्टेशनों पर वरिष्ठ रेल अधिकारी कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे, जबकि अन्य स्टेशनों पर शाखा अधिकारी, नामित अधिकारी और स्टेशन प्रबंधक इसकी जिम्मेदारी संभालेंगे।
रेल जन संवाद के बाद सभी स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्टेशन परिसर में स्वच्छता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ यात्रियों के लिए बेहतर वातावरण बनाने पर जोर रहेगा।
स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत स्वच्छता के अलावा कार्यालयों एवं रेलवे परिसरों में उपलब्ध स्थानों के बेहतर उपयोग, कबाड़ के निस्तारण, ई-कचरे के उचित प्रबंधन और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने जैसी गतिविधियां भी शामिल हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को रेलवे की कार्यप्रणाली से जोड़ना और उनकी भागीदारी के जरिए सेवाओं में सुधार की संभावनाओं को मजबूत करना है।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम में मूसलाधार बारिश, कई पूजा मंडपों में पसरा सन्नाटा
There is no ads to display, Please add some


















































