देवघर: मधुपुर के राजबाड़ी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक में सोमवार दोपहर 6–7 हथियारबंद अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में डाका डाल दिया। करीब 35 मिनट तक चले इस खौफनाक घटनाक्रम में बदमाशों ने बैंक से कैश और सोना लूटकर फरार हो गए।
दोपहर 12:45 बजे अपराधी हेलमेट और बुर्का पहनकर बैंक में घुसे। उन्होंने बैंक कर्मियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया, हाथों में टेप बांध दिए और मारपीट भी की। करीब 1:20 बजे तक बदमाशों ने बैंक को पूरी तरह कब्जे में रखा।

डकैत चेस्ट का लॉक तोड़कर तीन बैग में कैश भर ले गए। शुरुआती आकलन के मुताबिक करीब 75 लाख रुपए नकद और गोल्ड रूम से करोड़ों रुपए का सोना लूटा गया। कुल नुकसान लगभग 2 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। बैंक प्रबंधन अभी सटीक राशि का आकलन कर रहा है।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी तीन बाइकों पर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। हैरानी की बात यह है कि बैंक आरपीएफ बैरक के ठीक सामने स्थित है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी।




















































