● जब एक जनप्रतिनिधि और परिवार सुरक्षित नहीं तो आम जनता की सुरक्षा पर बड़ा सवाल: भाजपा
जमशेदपुर : पोटका विधानसभा के कोवाली थाना क्षेत्र की टांगरायन पंचायत के कैरासाई गांव के समीप हरिणा मुक्तेश्वर धाम जलाभिषेक यात्रा के दौरान जिला परिषद सदस्य सह भाजपा नेता सूरज मंडल एवं उनके परिवार के साथ हुई कथित छेड़खानी एवं मारपीट की घटना को लेकर भाजपा ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा ने घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी तथा पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
गुरुवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के प्रतिनिधिमंडल जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह के नेतृत्व में सूरज मंडल के आवास पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह ‘राजा’, जिला महामंत्री राजीव सिंह एवं पूर्व जिला मंत्री पप्पू सिंह शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सूरज मंडल एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जिस राज्य में एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपने परिवार के साथ सुरक्षित नहीं है, वहां आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। नेताओं ने कहा कि हरिणा मुक्तेश्वर धाम की जलाभिषेक यात्रा में प्रत्येक वर्ष हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसके बावजूद ऐसे समय में जब सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होनी चाहिए तब महिलाओं के साथ अभद्रता और उसका विरोध करने पर मारपीट की घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।

भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि घटना में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों की कथित संलिप्तता की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस केवल मारपीट की घटना तक जांच को सीमित न रखे, बल्कि बाहरी लोगों की भूमिका, उनके आगमन, घटना में उनकी संलिप्तता और इसके पीछे किसी पूर्व नियोजित साजिश की संभावना सहित सभी पहलुओं की गहन जांच करे। यदि घटना के पीछे किसी प्रकार की साजिश सामने आती है तो उसके सूत्रधारों तक पहुंचकर उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
इन दौरान भाजपा ने थाना प्रभारी द्वारा शिकायत देने पहुंचे पीड़ित पक्ष के साथ किए गए अनुचित व्यवहार पर भी कड़ी नाराजगी जताई। भाजपा नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि घटना में संलिप्त दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी। पहले चरण में भाजपा का प्रतिनिधिमंडल ग्रामीण एसपी से मिलकर दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग करेगा। इसके बावजूद कार्रवाई में टालमटोल या लापरवाही जारी रही तो भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से थाना घेराव एवं चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
भाजपा ने कहा कि कानून सबके लिए समान है और किसी भी अपराधी को राजनीतिक संरक्षण या प्रशासनिक उदासीनता के कारण बचने नहीं दिया जा सकता। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि घटना में शामिल प्रत्येक दोषी कानून के शिकंजे में आए। इस अवसर पर कोवाली भाजपा मंडल अध्यक्ष श्यामल महाकुड़, भाजपा नेता गणेश सरदार, मनोज सरदार, चन्द्रशेखर गुप्ता समेत स्थानीय भाजपा नेता एवं कार्यकर्तागण मौजूद रहे।
There is no ads to display, Please add some



















































