जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय में शुक्रवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जन शिकायत निवारण दिवस पर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान पेंशन, झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना का लाभ, कचरा निस्तारण, पेयजल संकट, भूमि विवाद, सरना स्थल को अतिक्रमण से मुक्त कराने, पारिवारिक विवाद, दुकान आवंटन, चौकीदार की बहाली, विस्थापितों का पुनर्वास और घर खाली कराने जैसे मुद्दों पर आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवेदनों का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेंशन, आवास और राशन कार्ड जैसी बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ निश्चित समयसीमा में निपटाया जाए।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों को विधिसम्मत ढंग से हल करने पर बल दिया गया। साथ ही सड़क मरम्मत और अन्य बुनियादी ढांचा कार्यों के लिए कार्ययोजना बनाकर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान की प्रक्रिया पारदर्शी और सरल हो। सभी आवेदनों का ट्रैकिंग सुनिश्चित किया जाए ताकि उनकी निगरानी और समीक्षा आसानी से हो सके।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: CSR प्रोजेक्ट्स पर होगी सख्त मॉनिटरिंग, मांगी गई नियमित रिपोर्ट




















































