जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर गठित खनन टास्क फोर्स द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत शुक्रवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध खनिज ढुलाई कर रहे वाहनों को पकड़ा गया.
आज़ादनगर थाना क्षेत्र में स्टोन चिप्स का अवैध परिवहन कर रहे वाहन (संख्या – JH05DZ-8624) को जप्त कर लिया गया. मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं दूसरी कार्रवाई कदमा थाना क्षेत्र में की गई, जहां वाहन संख्या – JH05AG-2259 को इसी प्रकार अवैध खनिज ढुलाई करते हुए पकड़ा गया. इस वाहन के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है.
खनन टास्क फोर्स की टीम ने मरीन ड्राइव क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी के तटवर्ती इलाकों का निरीक्षण भी किया. यहां संभावित अवैध खनिज दोहन की आशंका को देखते हुए अधिकारियों को सतर्क निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है.
जिला खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उपायुक्त के आदेश पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि खनिज संपदा की रक्षा सुनिश्चित की जा सके और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके. इस पहल का एकमात्र उद्देश्य खनन क्षेत्र में पारदर्शिता लाना और राजस्व की क्षति को रोकना है.
There is no ads to display, Please add some



















































