जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता प्रताप कुमार यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी छात्र आंदोलन की आड़ में अपने राजनीतिक मंसूबों को हासिल करने का प्रयास कर रही है। भाजपा छात्रों की भावनाओं और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों का राजनीतिक लाभ के लिए दुरुपयोग कर रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी मामले में राज्य सरकार पहले ही कार्रवाई कर चुकी है। जेपीएससी मामले की सीआईडी जांच चल रही है । दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। जेपीएससी के अध्यक्ष का इस्तीफा हो चुका है तथा मामले में संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है। इसके बावजूद भाजपा इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देकर छात्रों को उकसाने और उन्हें अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा को यदि वास्तव में छात्रों के भविष्य की चिंता है, तो उसे जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया पर भरोसा करना चाहिए, न कि छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीतिक लड़ाई लड़नी चाहिए। छात्रों के भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता से जुड़े मामलों पर सरकार गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी बाहर से कार्यकर्ताओं को लाकर झारखंड का माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है ।भाजपा को झारखंड की सामाजिक शांति और सद्भाव से खिलवाड़ करने से बाज आना चाहिए। प्रताप कुमार यादव ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकार, उनके भविष्य और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया के पक्ष में हमेशा खड़ी रही है। सरकार ने मामले में आवश्यक कदम उठाए हैं और दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई जारी है। ऐसे में भाजपा को राजनीतिक अवसरवाद छोड़कर जांच और न्याय की प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों को राजनीतिक मोहरा बनाकर झारखंड की शांति भंग करने की भाजपा की कोशिश कभी सफल नहीं होगी। झारखंड की जनता भाजपा के इस राजनीतिक चरित्र को अच्छी तरह समझ चुकी है।
There is no ads to display, Please add some



















































