जमशेदपुर: शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर जहां आम जनता त्रस्त है, वहीं अब इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों की सक्रियता भी बढ़ने लगी है। इस संदर्भ में आजसू पार्टी के प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि “अब जब आजसू पार्टी की जनजागरण मुहिम रंग लाने लगी है, तो सभी राजनीतिक दलों को भी इस समस्या की गंभीरता का एहसास हो गया है।”
अप्पू तिवारी ने बताया कि देवघर जिला में यातायात समस्या को लेकर आजसू के जिला अध्यक्ष को जेल तक जाना पड़ा। वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिला समिति भी अपने स्तर पर हस्ताक्षर अभियान और पत्राचार के जरिए लगातार जन-जागरूकता बढ़ाने का काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक लगभग 34 हजार नागरिकों के हस्ताक्षर जुटाए जा चुके हैं, जो इस समस्या के समाधान के लिए एक सामूहिक आवाज का प्रतीक बन चुके हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि अब सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को साथ लेकर मुख्यमंत्री को एक संयुक्त ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है। अगर तय समयसीमा के भीतर कोई ठोस हल नहीं निकला, तो आजसू पार्टी सड़क पर उतरकर जनहित में आंदोलन करेगी।
अप्पू तिवारी ने कहा कि “अब जब जिला प्रशासन और उपायुक्त ने भी इस दिशा में कुछ ठोस प्रयास शुरू किए हैं, तो आजसू पार्टी उनका स्वागत करती है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मुद्दे पर अब राजनीति से ऊपर उठकर सभी दल मिलकर काम करेंगे।
प्रवक्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जनता की इस मूलभूत समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो आजसू पार्टी व्यापक जनांदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: पारडीह चौक बन चुका है नशे का अड्डा, पुलिस की सटीक कार्रवाई में दो तस्कर गिरफ्तार




















































