जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में हुई घर से चोरी का सफलतापूर्वक खुलासा किया। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मुख्य आरोपी आलोक मुखी उर्फ सावन मुखी (20) भालूबासा का निवासी है।
इस कांड में गहने खपाने वाले आरोपी धीरज कुमार तांती (25) और बहन ज्योति मुखी (25) को आदित्यपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने गम्हरिया के अनन्या ज्वेलर्स में चोरी का सोने का हार बेचा, जिसके बदले उन्हें 70 हजार रुपये नगद मिले। इस मामले में ज्वेलर्स के मालिक सुनील कुमार प्रसाद को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि यह चोरी 7 दिसंबर को दिन में लगभग 3 बजे अमित सोलंकी के घर हुई थी। चोरों ने 10 लाख रुपये से अधिक के जेवरात चोरी किए। कुल बरामद चोरी की कीमत लगभग 14 लाख रुपये है।
पुलिस ने ग्राहक बनकर ज्वेलर्स पर छापा मारा और चोरी का हार बरामद किया। साथ ही बाकी चारों आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, स्कूटी, मोबाइल और 70 हजार रुपये नगद बरामद किए।
आरोपी आलोक मुखी और उसका जीजा धीरज कुमार तांती पहले भी जेल जा चुके हैं और उनका आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल सभी चारों को चोरी के मामले में जेल भेजा गया है।




















































