जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला कार्यालय से साकची गोलचक्कर तक JPSC एवं JSSC परीक्षा पेपर लीक मामले की CBI जांच की मांग को लेकर विराट मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया।
मशाल जुलूस को संबोधित करते हुए झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC और JSSC परीक्षा पेपर लीक के मामले ने राज्य के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, जिसके विरोध में भाजपा पूरे झारखंड में आंदोलन कर रही है।
अभय सिंह ने कहा कि रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में छात्र आंदोलनरत हैं और भाजपा उनके समर्थन में सड़कों पर उतरी है। उन्होंने कहा कि चूंकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास शिक्षा विभाग की भी जिम्मेदारी है, इसलिए उन्हें इस मामले की जवाबदेही लेनी चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही CID जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा इस मामले की CBI जांच की मांग करती है। उनका कहना था कि निष्पक्ष जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से CBI जांच की अनुशंसा करने की मांग की।
अपने संबोधन में अभय सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि विपक्ष अन्य राज्यों में पेपर लीक के मामलों पर आवाज उठाता है तो झारखंड में भी छात्रों के हित में समान रुख अपनाना चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : झारखंड आन्दोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने प्रणब नाहा को बनाया पूर्वी सिंहभूम का मुख्य सलाहकार
There is no ads to display, Please add some


















































