जमशेदपुर: बुधवार देर रात करीब 12 बजे सिदगोड़ा बाजार में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेजी से फैलती लपटों ने देखते ही देखते कई दुकानों और गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
आसपास के लोगों ने सबसे पहले धुआं उठते देखा और दुकानदारों को फोन कर जानकारी दी। साथ ही पुलिस और अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दमकल की दो गाड़ियां काफी देर से पहुंचीं, जिसकी वजह से आग और फैल गई। दमकल के आने से पहले लोगों ने बाल्टी और पाइप से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के आगे उनके प्रयास नाकाफी रहे।
इस आग में दुकानदार दिना प्रसाद की बड़ी किराना दुकान और दो गोदाम जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। अजीत चंद्र और राजू राव की आलू-प्याज की दुकानें भी आग की चपेट में आकर राख हो गईं। कुल मिलाकर 25 से 30 लाख रुपये से अधिक की क्षति का अनुमान है, जिससे प्रभावित दुकानदारों की आर्थिक स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।
कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि आग जानबूझकर लगाई गई हो सकती है, क्योंकि रात में इस इलाके में असामाजिक तत्वों की आवाजाही रहती है।
घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी चल रही है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच होगी और दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। लोगों ने प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : राज्यपाल संतोष गंगवार ने जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में छात्राओं को दी उपाधि




















































