जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के पारडीह चौक के पास रविवार शाम गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ छोटा-सा विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। किराना दुकानदार गोलू प्रजापति और सड़क किनारे चाउमीन बेचने वाले युवक के बीच पहले कहासुनी हुई। विवाद की वजह दुकान के सामने वाहन पार्किंग को लेकर बना तनाव बताया जा रहा है।
विवाद से मारपीट और फिर चाकूबाजी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहासुनी के तुरंत बाद स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि गोलू प्रजापति ने अपने परिचित युवकों को मौके पर बुला लिया। स्थिति खतरे में देखते हुए चाउमीन बेचने वाला युवक वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन तभी गोलू और उसके साथ आए युवकों ने मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
बीचबचाव करने आया युवक भी घायल
इस दौरान शोर सुनकर पास में रहने वाला कंचनदीप बीचबचाव करने पहुंचा। लेकिन हमलावरों ने उसे भी धक्का-मुक्की में घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। चाउमीन बेचने वाले युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जबकि कंचनदीप की हालत फिलहाल स्थिर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: शेयर–सोना निवेश के नाम पर बड़ा फ्रॉड उजागर, मुनाफे के झांसे में 6 करोड़ डूबे
There is no ads to display, Please add some


















































