- सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई, दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिदगोड़ा बाजार स्थित शराब दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्यपुर काली मंदिर के समीप निवासी कार्तिक लोहार उर्फ चेपा (23) और आरआईटी थाना क्षेत्र निवासी रितिक पाल (25) शामिल हैं। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी बिरेन्द्र कुमार ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 28 जनवरी 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा शराब दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था, जो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : एनएच-33 पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात ट्रेलर की टक्कर से एक की मौत
गश्त के दौरान दबोचे गए आरोपी, नकद बरामद
थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सिदगोड़ा और बिरसानगर के सीमावर्ती इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान गश्त के समय बारीडीह बाजार स्थित मनिपाल हॉस्टल के पीछे घोड़ा मंदिर रोड में टाल के पीछे से दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2700 रुपये और 3300 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।