जमशेदपुर : पावन पर्व रक्षाबंधन के पावन अवसर पर डाक विभाग (भारतीय डाक) ने दूर-दराज बैठे भाई-बहनों के पवित्र रिश्ते और स्नेह को समय पर पहुँचाने के लिए विशेष तैयारियाँ की हैं। डाक सेवा, टाटानगर के डाक निरीक्षक सुमित रंजन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्र के निवासियों के लिए टाटानगर आरएमएस (रेल डाक सेवा) में मात्र ₹10 की किफ़ायती दर पर वॉटरप्रूफ व आकर्षक विशेष ‘राखी लिफाफे’ उपलब्ध कराए गए हैं। इन विशेष लिफाफों की बनावट इस तरह की गई है कि बारिश के मौसम में भी आपकी राखी पूरी तरह सुरक्षित और सहेज कर देश के किसी भी कोने में समय पर पहुँच सके।
रात हो या दिन, कभी भी भेजें अपनी राखी , 24×7 बुकिंग सेवा चालू
अंतिम समय की आपाधापी से बचाने और कामकाजी लोगों की सहूलियत के लिए टाटानगर आरएमएस में 24 घंटे (Round-the-Clock) बुकिंग सुविधा निर्बाध रूप से चालू है। ग्राहक दिन हो या रात, किसी भी समय स्पीड पोस्ट (Speed Post), और पार्सल की बुकिंग करा सकते हैं। यह सेवा रविवार और त्योहारों/छुट्टियों के दिन भी बिना रुके पूरी तरह उपलब्ध रहेगी।”बहन का प्यार और भाई का दुलार समय पर पहुँचना ही हमारी प्राथमिकता है। हम जमशेदपुर और आसपास के सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे टाटानगर आरएमएस की इन विशेष सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ।”
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो की तरह जुगसलाई में भी TSUISL चलाए स्वच्छता अभियान : अनिल मोदी


















































