जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर समाहरणालय सभागार में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने की. बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चल रहे शौचालय निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई. कई प्रखंडों में कार्य की धीमी गति पर डीडीसी ने असंतोष जताते हुए निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश दिए.
सभी सहायक अभियंताओं, कनीय अभियंताओं और प्रखंड समन्वयकों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर नियमित फीडबैक प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया.
ODF प्लस मॉडल गांवों की प्रगति पर विशेष जोर देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सात दिनों के भीतर भौतिक सत्यापन पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. इससे रिपोर्टिंग में पारदर्शिता और प्रामाणिकता सुनिश्चित की जा सकेगी.
जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूरी हो चुकी योजनाओं को सात दिनों के भीतर ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) को हैंडओवर करने का निर्देश भी दिया गया. इसका उद्देश्य समुदाय स्तर पर स्वामित्व और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करना है, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.
जिला समन्वयक को निर्देशित किया गया कि वे टूर प्लान तैयार करें, प्रखंडों का नियमित भ्रमण करें और प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ समन्वय में समीक्षा बैठकें आयोजित करें. इससे ज़मीनी स्तर पर कार्यों की निगरानी सुदृढ़ होगी.
इस बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर/आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता, सभी सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक और प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: जनता दरबार के बाद बागबेड़ा पहुंचे BDO, बागबेड़ा की समस्याओं पर लिया संज्ञान
There is no ads to display, Please add some



















































