जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के ओल्ड सुभाष कॉलोनी में रविवार देर शाम एक दर्दनाक घटना घटी। 42 वर्षीय अभिजीत घोष, जो पेशे से कार चालक थे, ने अपने ही कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार, अभिजीत पिछले समय से आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। उनके ससुर औशित भट्टाचार्य ने बताया कि अभिजीत नशे के आदी थे और उनकी कार की किश्त लगभग 18 हजार रुपये बाकी थी। किश्त चुकता न कर पाने के कारण वह लगातार तनाव में रहते थे।
रविवार को अभिजीत लोकल में ऑर्डर लेकर गए थे। देर शाम घर लौटने पर उन्होंने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अभिजीत को फंदे से उतारा और तुरंत एमजीएम अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभिजीत अक्सर नशे में रहते थे और कई बार आर्थिक तंगी की बात करते थे।
There is no ads to display, Please add some


















































