- 1.10 करोड़ की लागत से होगा निर्माण, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास
- सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा की मजबूत पहल
पोटका : पोटका प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव तेंतला पोड़ा और कमलपुर में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन के निर्माण की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। दोनों स्वास्थ्य उपकेंद्र भवनों का शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इन दोनों योजनाओं पर कुल 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत आएगी। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया और गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं की शुरुआत पर खुशी जताई। वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर ग्रामीणों के लिए यह योजना एक बड़ी राहत मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पेसा कानून में बदलाव की मांग को लेकर गालूडीह बराज पर जोरदार प्रदर्शन
ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की पहल
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गांव विकास से अछूता न रहे। उन्होंने कहा कि मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था के बिना समग्र विकास संभव नहीं है, इसी सोच के साथ पोटका विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। विधायक ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के सुदूर गांवों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बागुनहातु के सरकारी विद्यालय में आगजनी, कक्षा एक का कमरा जलकर राख
35 गांवों में बनेंगे स्वास्थ्य उपकेंद्र, ग्रामीणों को मिलेगी राहत
विधायक संजीव सरदार ने जानकारी दी कि भविष्य में पोटका विधानसभा क्षेत्र के कुल 35 गांवों में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन का निर्माण किया जाएगा। स्वास्थ्य उपकेंद्र बनने से ग्रामीणों को प्राथमिक चिकित्सा, उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को बड़ी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य सोनमनी सरदार, पूर्व पार्षद हीरामणि मुर्मू, ग्राम प्रधान प्रदीप दल, मुखिया पुष्पलता मुंडा, पंचायत समिति सदस्य अमलिका सरदार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इसके अलावा मनोज सरदार, बुढ़ान मुर्मू, शिव चरण हांसदा, सुधीर सोरेन, हितेश भगत, लखिन्द्र सरदार समेत सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति रही।