पोटका: रसूनचोपा पंचायत भवन में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत बुजुर्गों के लिए खुशी और भावुकता का माहौल रहा। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) की ओर से पंचायत के 10 गांवों के कुल 78 बुजुर्गों को व्हीलचेयर, स्टिक, कमर और घुटने के बेल्ट, कान की मशीन सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
इन उपकरणों के मिलने से बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी झलक रही थी। कई बुजुर्ग भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। उपकरण मिलने के बाद अब उन्हें चलने-फिरने में आसानी और राहत मिलेगी।
बताया गया कि 18 नवंबर को पंचायत में शिविर आयोजित कर सभी बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की गई थी। जांच के आधार पर ALIMCO ने जरूरत के अनुरूप सभी सहायक उपकरण उपलब्ध कराए।
कार्यक्रम में मुखिया सिमती सरदार, ALIMCO के प्रतिनिधि किशन रजक और प्रशांत महतो सहित कई ग्रामवासी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे।
मुखिया सिमती सरदार ने कहा, “हमारा प्रयास है कि जो बुजुर्ग चल-फिर नहीं पा रहे हैं, उन्हें व्हीलचेयर और स्टिक जैसी जरूरी चीजें उपलब्ध कराई जाएं। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवार ये उपकरण खुद नहीं खरीद पाते। ऐसे लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना हमारा छोटा सा प्रयास है।”




















































