- ऑपरेशन नारकोस के तहत उड़नदस्ता टीम ने की छापेमारी, 12.50 लाख की खेप जब्त
- राउरकेला स्टेशन पर सघन जांच में मिली बड़ी सफलता
राउरकेला : चक्रधरपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की उड़नदस्ता टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को राउरकेला रेलवे स्टेशन पर गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान आरपीएफ ने 25 किलो अवैध गांजा बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार, मुन्ना पटेल, धर्मेंद्र पटेल और अजय मांझी के रूप में हुई है। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर इन चारों को रोका गया, जिसके बाद उनके पास से गांजा बरामद किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक
ओडिशा से बिहार ले जाई जा रही थी नशे की खेप
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, सुनील कुमार, मुन्ना पटेल और धर्मेंद्र पटेल बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया थाना क्षेत्र अंतर्गत झावटीया गांव के निवासी हैं, जबकि अजय मांझी गोपालगंज जिले के असंदीमहुआ गांव का रहने वाला है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि सभी आरोपी ओडिशा के बलांगीर रेलवे स्टेशन से गांजा लेकर निकले थे और टाटानगर के रास्ते बिहार के बेतिया पहुंचाने की योजना थी। जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है, जो इस कार्रवाई को और भी अहम बनाती है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई कारा सुरक्षा समीक्षा बैठक
एक्साइज विभाग को सौंपे गए आरोपी, सख्ती जारी
यह पूरी कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नारकोस” के तहत की गई है। आरपीएफ ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से उड़नदस्ता दल लगातार रेलवे मार्ग से हो रहे नशा तस्करी पर नजर बनाए हुए है। गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राउरकेला एक्साइज विभाग को सौंप दिया गया है। आरपीएफ ने साफ किया है कि रेलवे परिसर को अपराध मुक्त रखने और नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।