सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार आज जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, खान निरीक्षक समीर ओझा और स्थानीय पुलिस बल के संयुक्त नेतृत्व में सरायकेला थाना क्षेत्र के सिनी चौक पर खनिज लदे वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान अवैध रूप से लौह अयस्क परिवहन करते हुए टाटा ट्रेलर वाहन संख्या JH05DS–4973 को जब्त कर सरायकेला थाना को सुपुर्द किया गया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को पूरी तरह रोकने के लिए खनन विभाग, पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से निरंतर औचक जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि बड़े वाहनों द्वारा खनिज (बालू, लौह अयस्क, पत्थर आदि) का परिवहन पूर्ण रूप से ढके वाहन में होना चाहिए, ताकि मार्ग पर खनिज फैलने से यातायात और पर्यावरण प्रभावित न हो। उपायुक्त ने कहा कि निर्देशों का पालन न करने वाले और खुले में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।