सरायकेला: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल थाना अंतर्गत रसूनिया पंचायत के लेंगडीह गांव की शेफाली महतो अपने पिता स्वर्गीय खगेन महतो की संपत्ति में हिस्सा पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं।
खगेन महतो की दो पत्नियां थीं। शेफाली पहली पत्नी की इकलौती बेटी हैं। दूसरी पत्नी से एक बेटा और तीन बेटियां हैं। संपत्ति के बंटवारे में शेफाली का नाम बंगसावली से हटा दिया गया है।
शेफाली का आरोप है कि एक फर्जी ग्रामसभा का दस्तावेज बनाकर उनके नाम को बंगसावली में शामिल नहीं किया गया। इसी कारण उन्हें हिस्सेदारी नहीं मिल पा रही है।
शेफाली के पोते बिबेक महतो ने बताया कि उनके मामा बिरेन महतो लगातार धमकी देते हैं और गांव में बैठक करने भी नहीं देते। इससे परिवारिक विवाद और गहराता जा रहा है।
शेफाली ने चांडिल अंचल कार्यालय में आवेदन दिया है। अंचल अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही ग्रामसभा बुलाकर मामले की जांच की जाएगी। साथ ही शेफाली और उनके परिवार ने अनुमंडल पदाधिकारी और उपायुक्त कार्यालय में भी लिखित शिकायत दर्ज कराई है।