जमशेदपुर: कपाली ओपी क्षेत्र के गौस नगर निवासी 28 वर्षीय आसमा परवीन बीते 4 अक्टूबर की रात से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। चार दिन बीत जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे परिवारजन गहरी चिंता में हैं।
आसमा के पति अब्दुल रहमान ने बताया कि 4 अक्टूबर की रात वह करीब 8 बजे घर लौटे थे। परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह अपनी छोटी बेटी को लेकर सोने चले गए। रात लगभग 2 बजे नींद खुली तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी घर पर नहीं है। पहले तो उन्होंने सोचा कि शायद आसमा किसी काम से बाहर गई होंगी, लेकिन काफी देर तक लौटकर नहीं आने पर उन्होंने घर और आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की।
सुबह तक जब आसमा का कोई पता नहीं चला, तो परिवार ने मोहल्लेवालों की मदद से तलाश शुरू की। तमाम कोशिशों के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर आसमा के पिता मोहम्मद नईम अंसारी ने कपाली ओपी पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
कपाली ओपी प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसमा की तलाश में आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के घरों में पूछताछ की जा रही है। साथ ही, उनके मोबाइल की कॉल डिटेल्स और लोकेशन भी खंगाली जा रही हैं ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके।
परिजनों ने कहा कि आसमा का किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही वह किसी तनाव में थीं। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में महिलाओं के लापता होने की यह पहली घटना नहीं है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही महिला का पता लगा लिया जाएगा।
There is no ads to display, Please add some



















































