गुवा: गुवा सेल में 20 बाहरी व्यक्तियों की बहाली के खिलाफ आज संयुक्त यूनियनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जनरल ऑफिस के सामने नारेबाजी और विरोध के बीच यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर प्रबंधन बाहरी लोगों की बहाली को तुरंत नहीं रोकेगा, तो उत्पादन और डिस्पैच पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।
यूनियन नेताओं का कहना है कि गुवा सेल में स्थानीय मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की अनदेखी कर बाहरी व्यक्तियों की बहाली करना क्षेत्रीय हक के खिलाफ है। ठेका मजदूर और स्थानीय परिवार इस निर्णय से गहरे नाराज हैं। नेताओं ने घोषणा की कि सोमवार रात की पाली से सभी बसों को रोक दिया जाएगा, जिससे उत्पादन बाधित होगा। जब तक बाहरी बहाली पर रोक नहीं लगेगी, अनिश्चितकालीन डिस्पैच भी बंद रहेगा।
विरोध स्थल पर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन इंटक के महामंत्री विश्वजीत तांती, और सारंडा युवा बेरोजगार संघ के अध्यक्ष उदय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ठेका मजदूर, सफाईकर्मी और स्थानीय युवा मौजूद थे।
यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह केवल बहाली विवाद का विरोध नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों के रोजगार अधिकार की लड़ाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाता है, तो आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।