आदित्यपुर : आदित्यपुर मे खरकई नदी किनारे कचरा डंप कर जलाया जा रहा है। इससे पर्यावरण दूषित हो रहा है। वहीं, इससे नदी का बेड छोटा होता जा रहा है। यह एनजीटी के निर्देशों का उल्लंघन भी है। बता दें कि आदित्यपुर स्थित सूर्य मंदिर के रास्ते राधास्वामी मार्ग होते हुए आगे जाने पर नदी किनारे कचरे को डंप किया जा रहा है। यह गंदगी नदी में भी बह रही है । वहीं, कचरे में आग लगा दी जा रही है। इससे आस-पास आने जाने वाले और रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। यह कूड़ा आसपास के घर के लोग नहीं डाल रहे हैं. बल्कि आदित्यपुर से घर-घर से होने वाले कच्चरा उठाने वाली गाड़ी के द्वारा डाला जा रहा है। उल्लेखनीय है कि नदी किनारे कचरे को डंप किया जाना गलत है। यह एनजीटी के नियमों का उल्लंघन है।
खरकई नदी किनारे जल रहा कचरा मे निकलता धुआं
कचरा उठाने वाली गाड़ी नदी के किनारे कचरे को अवैध रूप से फेंक कर उस स्थान को प्रदूषित कर ही रही है। ऐसा करने से नदियां प्रदूषित हो रही है। इस संबंध में अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश ने कहा कि इसकी जानकारी नहीं है कि कचरा कहां डंप हो रहा है। इसकी जानकारी लेंगे और उचित कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि इस समय हमें साफ सफाई की जरूरत है। ऐसे में नदी के जल को प्रदूषित करना और रिहायशी इलाकों में कचरा फेंकना गलत है। जरूरी है कि कूड़े का सही प्रकार से ट्रीटमेंट हो न कि उसे नदी किनारे डंप करना।




















































