जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर 2 नंबर लाइन में मंगलवार शाम झामुमो के केंद्रीय सदस्य मनोहर हुसैन और अख्तर उर्फ़ चीकू के बीच पुराने विवाद को लेकर फिर झड़प हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और इलाके में जमकर हंगामा, पथराव और तोड़फोड़ होने लगी।
पहले भी हो चुकी है मारपीट
जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा की नवमी और दशमी के दिन भी दोनों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में बल तैनात किया था। मंगलवार को विवाद दोबारा भड़क गया। बताया गया कि पहले मनोहर हुसैन और उनके बेटे के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उनके समर्थक करीब 20–25 की संख्या में चीकू के घर पहुंचे और जमकर तोड़फोड़ की।

तोड़फोड़ और नुकसान
इस दौरान घर की खिड़कियां, दरवाजे, सीसीटीवी कैमरे और आसपास की दुकानों को नुकसान पहुंचा। चीकू ने बताया कि विभूति छिड़कने से मना करने को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि इस हमले में करीब 50 हजार से 1 लाख रुपये तक की क्षति हुई है।
कई लोग घायल, पुलिस ने संभाली स्थिति
दोनों पक्षों के करीब 4–5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। सभी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिषेक कुमार और लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी तौकीर आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार, पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है और जांच जारी है। एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: एयरपोर्ट मार्केट में दर्दनाक हादसा, बिजली की चपेट में आकर झुलसा सब्जी विक्रेता
There is no ads to display, Please add some



















































