- 1977 में खरीदी गई जमीन पर लगातार बढ़ रहा विवाद, अधिकारियों से कई शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं
- प्रशासन ने जांच शुरू की, अवैध कब्ज़ा हटाने का दिया भरोसा
सरायकेला : चांडिल थाना क्षेत्र के रूचाप पंचायत में दो रैयती प्लॉटों पर अवैध कब्ज़े का गंभीर मामला सामने आया है। ब्रज भूषण पाल परिवार का कहना है कि विवाद से बचने और स्थिति स्पष्ट कराने के लिए उन्होंने स्थानीय मुखिया, सीओ, थाना और अनुमंडल पदाधिकारी को कई बार लिखित आवेदन दिया, ताकि खरीदी गई जमीन पर घर निर्माण में कोई बाधा न आए। इसके बावजूद उन्हें ठोस कार्रवाई की बजाय केवल आश्वासन ही मिला है। जानकारी के अनुसार, ब्रज भूषण पाल के पिता ने 20 सितंबर 1977 को टिरू भुईयाँ और बिरू भुईयाँ से प्लॉट संख्या 968 (5 डिसमिल) और प्लॉट 969 (28 डिसमिल) कुल 33 डिसमिल जमीन को कोबाला दलील संख्या 3921 के तहत खरीदा था। यह जमीन आज भी उनके परिवार के नाम पर पंजीकृत है। पाल परिवार का आरोप है कि बीते कुछ वर्षों में स्थानीय कुछ लोगों ने इन दोनों प्लॉटों पर अनधिकृत निर्माण कर कब्ज़ा जमा लिया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : भ्रष्टाचार निरोधक जांच ब्यूरो का अधिकारी सम्मान समारोह संपन्न, कोल्हान प्रमंडल के पदाधिकारियों को मिला सम्मान
परिवार का आरोप—शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने नहीं की ठोस कार्रवाई
शरत चंद्र कुम्हार और ब्रज भूषण पाल का कहना है कि वे कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हर बार इंतजार के अलावा कुछ नहीं मिला। ब्रज भूषण पाल ने कहा, “हमने हर अधिकारी को लिखित आवेदन दिया, पर कार्रवाई के नाम पर केवल भरोसा मिला। अब मजबूर होकर उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।” मामले की गंभीरता को देखते हुए चांडिल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने अवैध कब्ज़ा हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।