- गुवा में यूनियन के मिलन समारोह में प्रबंधन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान
- मजदूर एकता से ही बदलेगी तस्वीर : यूनियन
गुवा : झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने सेल गुवा प्रबंधन पर मजदूरों के शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। वे 9 जनवरी को सेल गुवा क्लब में आयोजित मिलन समारोह सह वनभोज कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सेल प्रबंधन मजदूरों के अधिकारों को कुचलने का षड्यंत्र रच रहा है, जिसे यूनियन किसी भी सूरत में सफल नहीं होने देगी। रामा पांडेय ने बीते मंगलवार को सेल के माइंस कार्यपालक निदेशक विकास मानवती द्वारा गुवा में ड्रिल मशीन के उद्घाटन पर सवाल उठाते हुए कहा कि वरीय अधिकारी द्वारा सामान्य कार्यों का उद्घाटन करना कई तरह की उलझन पैदा करता है। उन्होंने कहा कि मजदूर अब जागरूक हो चुके हैं और एकजुट होकर अपने हक की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : यूसिल अस्पताल में फिटनेस जांच के नाम पर कमीशनखोरी का आरोप, रेफर खेल से बढ़ी परेशानी
सेल गुवा में मजदूरों के अधिकारों को लेकर बढ़ता असंतोष
अपने संबोधन में रामा पांडेय ने कहा कि सेल प्रबंधन के खिलाफ चल रहे आंदोलन में अब गांव-गांव के बेरोजगार युवा भी यूनियन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज होगा तथा मजदूर आर-पार की लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सेल गुवा खदान को निजी संस्था को सौंपने की तैयारी की जा रही है, लेकिन यूनियन और मजदूर मिलकर इस साजिश को कभी सफल नहीं होने देंगे। रामा पांडेय ने चिड़िया सेल खदान का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां प्रबंधन द्वारा मजदूरों का शोषण करते हुए करीब ढ़ाई सौ मजदूरों की छंटनी कर दी गई है, जिसके खिलाफ यूनियन लगातार संघर्ष कर रही है।
इसे भी पढ़ें : Gua : करमपदा में सीआरपीएफ का सिविक एक्शन प्रोग्राम, ग्रामीणों को मिली राहत सामग्री
निजीकरण के खिलाफ यूनियन का आंदोलन तेज
उन्होंने यह भी बताया कि मजदूरों के इस संघर्ष में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा मजदूरों के साथ खड़े हैं, जिससे आंदोलन को मजबूती मिली है। रामा पांडेय ने सभी मजदूरों से एक मंच पर आकर एकजुट होने और संगठन को और मजबूत करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक भोजन का आनंद लिया। इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय, महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, सिकंदर पान, रोहित पांडे, किशोर सिंह, राजेश यादव, नुतन सुंडी, पार्वती दास, संजय सांडिल, पंकज गुप्ता, केदार ठाकुर, कुल बहादुर, लक्ष्मी बड़ाइक, बसंती देवी सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some



















































