भीषण गर्मी के कारण बाजार में सामान्य से काफी कम नजर आई भीड़
गुवा : गुवा में पड़ रही 45 डिग्री की भीषण गर्मी के बावजूद कच्छी धौड़ा में आयोजित 24 पहर 72 घंटे का श्री श्री अखंड नाम यज्ञ संकीर्तन शनिवार को दूसरे दिन भी श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच भी श्रद्धालुओं और कीर्तन मंडलियों का उत्साह कम नहीं हुआ। झारखंड, बिहार, बंगाल एवं ओडिशा से पहुंचे कीर्तन मंडलियों द्वारा लगातार हरिनाम संकीर्तन किया जा रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। भीषण गर्मी को देखते हुए श्री श्री अखंड नाम यज्ञ संकीर्तन कमेटी की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। कीर्तन मंडलियों और श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए पंडाल में कुलर लगाए गए हैं, ताकि कोई भी गर्मी के कारण बेहोश न हो। इसके अलावा पेयजल और विश्राम की भी व्यवस्था की गई है। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि गर्मी काफी अधिक है, फिर भी भक्तों की आस्था लगातार बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी का असर गुवा बाजार में साफ दिखाई दिया। दोपहर के समय बाजार में सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ नजर आई। अधिकतर लोग गर्मी से बचने के लिए अपने-अपने घरों में ही रहे। लोगों का कहना है कि तापमान इतना अधिक है कि घरों में लगे कुलर भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। कई लोग पेड़ों की छांव में बैठकर ठंडी हवा का सहारा लेते नजर आए। गर्म हवाओं और तपती धूप से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
इसे भी पढ़ें : Gua : दुबिल माइंस में स्थानीय को रोजगार और मुआवजे की मांग को लेकर ग्राम सभा, आंदोलन की चेतावनी
















































