चक्रधरपुर: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत आरपीएफ और जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से एक कथित मोबाइल चोर को चोरी के तीन मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद निसार (42 वर्ष), निवासी चाईबासा के रूप में हुई है।
मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल एवं रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में आरपीएफ टीम टाटा और जीआरपी चक्रधरपुर की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद निसार ने ट्रेन संख्या 18189 टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस की जनरल बोगी में यात्रियों के मोबाइल चोरी किए थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए स्कूटी से चाईबासा से चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचता था और ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था।
आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद बरामद तीनों मोबाइल फोन को जब्त कर लिया। इसके बाद मोहम्मद निसार को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना चक्रधरपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।
पूरी कार्रवाई आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की इस संयुक्त कार्रवाई से ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के मोबाइल और सामान की चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान को मजबूती मिली है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : आपदा के बाद भी चुनौती खत्म नहीं होती, संपत्ति और संसाधनों को बचाना जरूरी : संतोष कुमार



















































