खड़गपुर : जलेश्वर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को करीब पांच वर्षीय एक नाबालिग बच्चा संदिग्ध अवस्था में इधर-उधर घूमता हुआ मिला। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मियों की नजर बच्चे पर पड़ी तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षा के दृष्टिकोण से अपने संरक्षण में लिया।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान बच्चा अपना नाम और पता नहीं बता सका। वह यह भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पाया कि वह जलेश्वर रेलवे स्टेशन तक कैसे पहुंचा। इसके बाद आरपीएफ ने बच्चे की सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मामले की जानकारी बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू), बालेश्वर को दी। निर्धारित बाल संरक्षण प्रक्रिया के तहत चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी), बालेश्वर से टेलीफोन पर निर्देश प्राप्त होने के बाद नाबालिग बच्चे को जलेश्वर स्थित गांधी सेवा आश्रम, जिला बालेश्वर, ओडिशा के सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ के अनुसार, बच्चे की हालत स्वस्थ और सामान्य थी।आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से नाबालिग को सुरक्षित संरक्षण मिला और उसे संबंधित बाल देखभाल संस्था तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की गई। अधिकारियों के अनुसार, बच्चे की देखभाल, सुरक्षा और आगे की आवश्यक कार्रवाई निर्धारित बाल संरक्षण नियमों के तहत की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम पुलिस ने अपराध, यौन उत्पीड़न और बाल विवाह की रोकथाम को लेकर शैक्षणिक संस्थानों में चलाया जागरूकता अभियान



















































