झाड़ग्राम : जंगलमहल के दुर्गम इलाकों में लोगों तक कानूनी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को गोपीबल्लवपुर में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से छातिनाशोल ब्लॉक कार्यालय के सभागार में आयोजित शिविर में गोपीबल्लवपुर-1 ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न कार्यों से जुड़े 200 से अधिक कर्मियों ने हिस्सा लिया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायाधीश रीहा त्रिवेदी ने दहेज विरोधी कानून, गिग वर्करों की सुरक्षा, उपभोक्ता संरक्षण समेत विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को कानून के तहत उपलब्ध अधिकारों और सुरक्षा उपायों से भी अवगत कराया।
प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता उत्तम बेज ने महत्वपूर्ण कानूनी मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं, अधिकार मित्र रीता दास दत्ता ने स्थानीय सुवर्णरेखिक भाषा में लोगों से संवाद करते हुए कानूनी सहायता को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से मिलने वाली सेवाओं तथा सहायता प्राप्त करने के लिए संपर्क की प्रक्रिया की जानकारी दी।
गोपीबल्लवपुर-1 के संयुक्त बीडीओ सुशांत कुंडू ने गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं और उनके लाभ लेने की प्रक्रिया पर जानकारी दी। गोपीबल्लवपुर थाने के एसआई शेख सरफराज नवाज ने साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय ठगी से बचने के उपाय बताए। शिविर में अधिकार मित्र तारकेश्वर राणा, नीलकंठ घोड़ाई, मोहित बेज और आलोक सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : विवेकानंद मेमोरियल इंस्टीट्यूशन में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन, ICDS एवं POSH एक्ट की दी गई जानकारी
There is no ads to display, Please add some

















































