खड़गपुर : विशेष अभियान 6.0 के तहत गुरुवार को देशभर के 7,000 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद और विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं, सुझावों और शिकायतों की जानकारी ली।
दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के सभी 367 स्टेशनों पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। खड़गपुर मंडल के सभी स्टेशनों पर भी रेल जन संवाद के तहत यात्रियों से बातचीत की गई।
दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने शालीमार स्टेशन पर यात्रियों से संवाद किया और श्रमदान के तहत स्वच्छता अभियान में भाग लिया। अपर महाप्रबंधक मनीष कुमार जैन ने संतरागाछी स्टेशन पर कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए यात्रियों से उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की।
खड़गपुर स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय ने यात्रियों से मुलाकात कर यात्री सुविधाओं, सेवा की गुणवत्ता और स्टेशन की साफ-सफाई से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने स्टेशन के सफाई कर्मचारियों (स्वच्छता दूतों) से भी बातचीत की, उनके प्रयासों की सराहना की और स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
खड़गपुर मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी शाखा अधिकारियों, स्टेशन प्रबंधकों और रेलवे पर्यवेक्षकों ने यात्रियों से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सुझावों और शिकायतों को दर्ज कर उनके परीक्षण तथा आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाने की बात कही गई। इस पहल का उद्देश्य यात्री सुविधाओं में सुधार, शिकायतों के समाधान और रेलवे परिसरों में स्वच्छता को बढ़ावा देकर यात्रियों के सफर को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : कोलकाता चोरबागान घटना के बाद सतर्क पुलिस प्रशासन सतर्क, गोपीबल्लभपुर में दुर्गापूजा पंडालों की सुरक्षा और निगरानी बढ़ी
There is no ads to display, Please add some

















































