देवघर: कुंडा थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर हमले और सड़क जाम के मामले में फरार चल रहे आजसू के देवघर जिलाध्यक्ष आदर्श लक्ष्य को आखिरकार देवघर पुलिस ने बोकारो जिले के पेटरवार से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उन्हें देवघर लाकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
लगातार बदल रहा था ठिकाना
देवघर एसपी सह डीआईजी अजीत पीटर डुंगडुंग ने बताया कि आरोपी आदर्श लक्ष्य गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और मोबाइल भी बंद रखा था. वह दूसरे नंबर से संपर्क में था. पहले दुमका में छिपे होने की सूचना मिली थी, लेकिन वहां से नहीं पकड़ा जा सका. अंततः बोकारो पुलिस के सहयोग से पेटरवार से गिरफ्तारी संभव हो सकी.
गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला
यह मामला कुंडा थाने के जमादार ओम प्रकाश द्वारा दर्ज कराया गया था, जिसमें आजसू जिलाध्यक्ष आदर्श लक्ष्य सहित 14 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. प्राथमिकी में कहा गया है कि यह घटना एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हुई, जिसमें पुलिस-प्रशासन और झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई, गाली-गलौज की गई, वाहन में आग लगाने की धमकी दी गई, तथा पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों पर ईंट व लाठी-डंडों से हमला कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई.
प्रशासन सख्त, जमानत पर रोक की तैयारी
एसपी डुंगडुंग ने स्पष्ट किया कि पुलिस पर हमले जैसे गंभीर अपराध में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. आदर्श लक्ष्य की गिरफ्तारी एक प्रक्रिया है, लेकिन मुख्य लक्ष्य है कि पर्याप्त सबूतों के आधार पर उसे न्यायालय से सजा दिलाई जाए. उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि आरोपी को जमानत न मिले.
इसे भी पढ़ें : Deoghar: पुलिस पर हमले मामले में निजी क्लिनिक के स्टाफ समेत पांच गिरफ्तार
There is no ads to display, Please add some



















































