- घोड़ानेगी पुलिया के पास ट्रेलर और बाइक की हुई जोरदार टक्कर
चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बाईपास रोड स्थित घोड़ानेगी पुलिया के पास शुक्रवार की रात एक भयावह सड़क हादसा हुआ। ट्रेलर और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में नरगाडीह गांव निवासी धनंजय सरदार और सुमन सिंह सरदार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीसरा युवक ठाकुर सिंह सरदार (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने धनंजय और सुमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि ठाकुर सिंह का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : भारत में शीतलहर का कहर, गरीबों पर सबसे भारी
तेज रफ्तार और सुरक्षा की कमी बनी दुर्घटना की वजह
चांडिल थाना प्रभारी दिलसन बिरुआ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने चांडिल न्यू बाईपास रोड पर लगातार हो रहे हादसों पर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। रात्रि में रोशनी की कमी और ट्रैफिक नियंत्रण के अभाव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।